अमेठीः मिशन शक्ति 5.0 अभियान! स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिया गया प्रशिक्षण
October 01, 2025
अमेठी। नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आज जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को वित्तीय साक्षरता एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण जिलाधिकारी संजय चैहान एवं मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल के निर्देशन में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण में वित्तीय साक्षरता संबंधी जानकारी दी गई जिसमें महिलाओं को आय व खर्च का हिसाब रखने के तरीके, बचत की आदत विकसित करना और बैंक खाते का उपयोग, ऋण लेने और समय पर चुकाने की प्रक्रिया, डिजिटल लेन-देन नेट बैंकिंग, आदि की सुरक्षित जानकारी, बीमा और पेंशन जैसी वित्तीय सुरक्षा योजनाओं के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया, साथ ही उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई जिसमें स्वच्छता अपनाने की आदतें और रोगों से बचाव के उपाय, संक्रामक व गैर-संक्रामक रोगों की पहचान और रोकथाम, पोषण और संतुलित आहार का महत्व, नियमित स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण की उपयोगिता के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण में महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, एंबुलेंस सेवा 108 के बारे में बताया गया साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं निराश्रित महिला पेंशन योजना जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे कार्यक्रमों का मकसद महिलाओं व बालिकाओं को आर्थिक रूप से सक्षम, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है ताकि वे परिवार और समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभा सकें।
