पीलीभीत। जिले में बाढ़ से प्रभावित गांवों में राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। देव नदी का जलस्तर अचानक बढ़कर 54 हजार क्यूसेक से पार पहुंच गया है, जिससे कई गांव पानी से घिर गए और पीलीभीत मुख्यालय में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को एडीएम ऋतु पुनिया और बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा प्रशासनिक अमले के साथ ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।एडीएम और विधायक ने अर्जुनपुर, राजपुर कुंडरी और महादेवा सहित कई गांवों में जाकर ग्रामीणों से हालचाल लिया और राहत सामग्री बांटी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी गांव में खाने-पीने की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
जहां सड़कों पर पानी भर जाने से गाड़ियां नहीं जा पा रही थीं, वहां एडीएम ऋतु पुनिया ने ट्रैक्टर पर बैठकर दौरा किया। कई किलोमीटर पैदल चलकर उन्होंने ग्रामीणों के घरों और खलिहानों तक पहुंचकर हाल जाना। एडीएम ने कहा कि अगर पानी जल्द नहीं घटा तो नाव चलाकर भी राहत पहुंचाई जाएगी।भैंसता गांव में कटे संपर्क मार्ग का निरीक्षण करते हुए एडीएम ने बताया कि वहां राजस्व और स्वास्थ्य टीमें लगातार तैनात हैं। ग्रामीणों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। सभी ग्राम प्रधानों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लगातार अपडेट लेने और राहत कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम बीसलपुर नरेंद्र पांडे, तहसीलदार हबीबुर अंसारी, नायब तहसीलदार अवधेश कुमार सहित पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। विधायक विवेक वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार और जिला प्रशासन मिलकर हर संभव मदद पहुंचा रहा है। ग्रामीणों की सुरक्षा और जरूरतों की पूर्ति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
