लखनऊः बाढ़ प्रभावित गांवों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया
September 03, 2025
लखीमपुर खीरी। जिले के बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देश पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। पलिया और निघासन ब्लॉकों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया गया।पलिया ब्लॉक के ग्राम बड़ागांव मेलाघाट में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया की टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. भरत सिंह, डॉ नसीम, फार्मासिस्ट साहबान एवं अभिषेक शुक्ला ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान जरूरतमंद ग्रामीणों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही बीमारियों से बचाव हेतु क्लोरीन टैबलेट और ओआरएस के पैकेट भी बांटे गए।वहीं निघासन ब्लॉक के बाढ़ ड्यूटी गांव मदनापुर में सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने अपनी टीम के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। यहां ग्रामीणों को ओआरएस, जिंक की गोलियां, क्लोरीन टैबलेट और अन्य आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को स्वच्छ पानी के उपयोग और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया। इन शिविरों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली और उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकीं।
