पीलीभीत। अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर मंगलवार को पुलिस लाइन में एक दिवसीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और बधिर जनों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा पुलिसकर्मियों को और अधिक संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण बनाना रहा।
कार्यशाला में रिक्रूट आरक्षी, मुख्य आरक्षी और उपनिरीक्षक स्तर के पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान बधिर कल्याण संस्था पीलीभीत के प्रतिनिधियों ने पुलिसकर्मियों को सांकेतिक भाषा की बारीकियों की जानकारी दी। बताया गया कि इस तरह का प्रशिक्षण दिव्यांगजन से जुड़े प्रकरणों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण में सहायक होगा।कार्यशाला के दौरान प्रतिसार निरीक्षक संतोष कुमार राघव सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
