बाराबंकीः ग्राम प्रधान और पंचायत सहायक पर अवैध वसूली का आरोप, किसानों ने एसडीएम से की शिकायत
September 09, 2025
रामसनेहीघाट/बाराबंकी। ब्लॉक दरियाबाद के ग्राम बीरापुर, गौरा कुमियान और चकम्मरपुर चंदौली गांव में ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान रामगोपाल श्रीवास्तव एवं पंचायत सहायक नरेंद्र रावत पर मकान योजना के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है।ग्रामीणों का कहना है कि उनसे एक हजार से दो हजार रूपये तक की वसूली की गई, जबकि योजना की पूरी धनराशि प्रधान ने हजम कर ली। आरोप है कि एक फोटोग्राफर को साथ मिलाकर झूठे कागजों के आधार पर यह वसूली की गई। ग्रामीणों के अनुसार, जब मामला तूल पकड़ने लगा तो प्रधान ने फोन कर समझौते की बात कही, जिसकी रिकॉर्डिंग गांव की एक महिला के पास मौजूद है।इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी अराजनैतिक पार्टी के अध्यक्ष विधि चंद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया और एसडीएम रामसनेहीघाट अनुराग सिंह को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।एसडीएम अनुराग सिंह ने जांच के लिए एक हफ्ते का समय मांगा और प्रधान पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, किसान यूनियन अध्यक्ष विधि चंद ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो 17 सितंबर को जिला मख्यालय पर डीएम आवास पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
