Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीत: जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने बाढ़ प्रभावित गांवों का किया दौरा


पीलीभीत। बीसलपुर तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों  का गुरुवार को जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने अपर जिलाधिकारी (वि.ध्रा.) ऋतु पूनिया के साथ मौके पर पहुंचकर गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों का यह दौरा अर्जुनपुर से गोबलपतिपुरा तक रहा, जहाँ उन्होंने ट्रैक्टर-ट्राली से कठिन रास्तों को पार कर ग्रामीणों की स्थिति का जायजा लिया। बाढ़ की विभीषिका झेल रहे ग्रामीणों से बातचीत कर प्रशासनिक टीम ने उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।जिलाधिकारी ने बताया कि हाल ही में चंपावत एवं उधम सिंह नगर में हुई भारी बारिश का सीधा असर जनपद पीलीभीत में दिखाई दे रहा है। देवहा नदी का जलस्तर बढ़ने से दर्जनों गांव प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि डैम से पानी छोड़ना अब नियंत्रित कर दिया गया है और शीघ्र ही बाढ़ का पानी कम होना शुरू हो जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस आपदा की घड़ी में प्रशासन उनके साथ खड़ा है और किसी को भी भूखा सोने नहीं दिया जाएगा।प्रशासन की ओर से राहत कार्यों की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में कम्युनिटी किचन संचालित किए गए हैं, जहाँ प्रतिदिन प्रभावित परिवारों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त खाद्यान्न सामग्री व तैयार भोजन के पैकेट लगातार वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने सदर तहसील में स्थापित कम्युनिटी किचन का औचक निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ितों तक गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं राहत सामग्री समय से पहुँचनी चाहिए, ताकि किसी भी जरूरतमंद को परेशानी का सामना न करना पड़े।स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में मेडिकल टीमों की तैनाती की गई है, जो प्रभावित परिवारों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं। संक्रमण एवं बीमारियों से बचाव के लिए दवाइयां व उपचार की सुविधाएं सुनिश्चित कराई जा रही हैं।पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। बाढ़ प्रभावित गांवों में पुलिस बल की तैनाती है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या असुविधा की स्थिति न बने। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें और किसी भी समस्या के लिए सीधे प्रशासन से संपर्क करें। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियां जानीं और तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सरकार व प्रशासन की प्राथमिकता हर पीड़ित तक मदद पहुंचाना है।इस निरीक्षण दौरे में उप जिलाधिकारी बीसलपुर, तहसीलदार बीसलपुर, क्षेत्राधिकारी बीसलपुर सहित अनेक विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि उनकी हरसंभव सहायता की जाएगी और स्थिति सामान्य होने तक लगातार राहत कार्य जारी रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |