बाराबंकीः बिना अनुमति जुलूस पर हंगामा, नगर पंचायत अध्यक्ष और सैकड़ों समर्थकों पर मुकदमा
September 05, 2025
फतेहपुर /बाराबंकी। नगर पंचायत अध्यक्ष इरशाद अहमद एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। बुधवार शाम हाईकोर्ट से राहत के बाद निकाले गए जुलूस को लेकर पुलिस ने अध्यक्ष और उनके सैकड़ों समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार, मस्तान रोड निवासी नगर पंचायत अध्यक्ष इरशाद अहमद के समर्थन में सैकड़ों लोगों ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर कंधों पर बैठाया और जुलूस की शक्ल में पूरे नगर में निकल पड़े। इस दौरान मोटरसाइकिलों और वाहनों का काफिला भी शामिल रहा, जिससे मुख्य मार्ग घंटों तक जाम रहा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।पुलिस की जांच में जुलूस का वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद कस्बा चैकी प्रभारी हरिप्रसाद उपाध्याय ने अध्यक्ष सहित लगभग 100 अज्ञात समर्थकों पर सम्बंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया।पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति सार्वजनिक मार्ग बाधित करना गंभीर अपराध है।गौरतलब है कि बीते 18 अगस्त को भ्रष्टाचार की शिकायत पर प्रशासन ने नगर पंचायत अध्यक्ष के वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए थे। इसे उन्होंने लखनऊ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी और बुधवार को फैसला उनके पक्ष में आने पर समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया।इधर, आरोपों पर सफाई देते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष इरशाद अहमद का कहना है, हमारे द्वारा कोई जुलूस नहीं निकाला गया। लोग अपने आप मोहब्बत में साथ चल पड़े थे, हम तो बस अपने घर जा रहे थे।
