बाराबंकीः मूसलाधार बारिश से लोधेश्वर धाम जलमग्न, भक्तों ने भीगते हुए किए महादेव के दर्शन
September 01, 2025
रामनगर/ बाराबंकी। सावन की घनघोर वर्षा ने सोमवार को लोधेश्वर महादेवा धाम का पूरा स्वरूप बदल दिया। सुप्रसिद्ध तीर्थस्थल का प्रांगण पानी-पानी हो गया, लेकिन आस्था का ज्वार ऐसा उमड़ा कि भक्तों ने भीगते और पानी से होकर ही भोलेनाथ के दर्शन किए।मंदिर परिसर में गर्भगृह तक जाने वाला मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गया। श्रद्धालु जब पैरों से पानी को चीरते हुए अंदर पहुँचे तो हर ओर केवल भक्ति और समर्पण की छवि नजर आई। बच्चे मंदिर के आँगन में पानी में नहाकर आनंद लेते दिखे, वहीं वयस्क हाथों में जल और फूल लिए शिवलिंग पर आहुति चढ़ाते रहे।अमोली कला निवासी श्रद्धालु आदित्य तिवारी ने कहा महादेव की कृपा देखने मंदिर आते हैं, पर जल निकासी न होने से हर बार भारी परेशानी उठानी पड़ती है। प्रशासन को स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।” श्रद्धालुओं का कहना है कि सावन और शिवरात्रि जैसे पर्वों पर लाखों भक्त यहाँ उमड़ते हैं। यदि जलभराव की समस्या बनी रही तो आस्था का यह महापर्व संकट में बदल सकता है।मंदिर परिसर में बैरीकेड तक पानी में डूब गए। चारों ओर सैलाब जैसा दृश्य था, फिर भी भक्तों की भक्ति अडिग रही। हर कोई यही कहता दिखा भले ही बारिश ने मार्ग रोका हो, लेकिन महादेव की राह आस्था से कभी नहीं रुकती।
