प्रतापगढ़/बाबागंज। सरकार द्वारा शिकंजा कसने के बाद मनरेगा सुस्त पड़ गई तो प्रधानों ने कमाई का नया जरिया ईजाद कर लिया एवं बिना पंचायत सचिव को जानकारी दिए ही प्रधान गुणवत्ता विहीन निर्माण सामाग्री से नाली का निर्माण कराने लगी। जानकारी होने के बाद अधिकारियों ने मामलें की जांच कराने की बात कही है।
बाबागंज ब्लाक के पनाह नगर मजरें गिस्था ग्राम सभा में जल निकासी के लिए ग्राम प्रधान फूलकली द्वारा नाली का निर्माण कराया जा रहा है। नाली निर्माण में ईंट से लेकर गारे तक की गुणवत्ता मानक के अनुसार नही है। नीव कुटाई में जिस ईट का प्रयोग किया गया है, वो भी एकदम दोयम दर्जे की है। ईट को बेहतर दिखाने के लिए ग्राम प्रधान मजदूरों से ईट पर जमकर पानी की बौछार करवा रही हैं, जिससे ईट का वास्तविक रंग नजर न आए एवं उसकी गुणवत्ता भी न दिखे। हालांकि नाली निर्माण में लगी एवं स्थल पर रखीं ईटो की गुणवत्ता पूरी नाली निर्माण की पूरी कलई खोल दे रही हैं। मजे की बात तो यह है कि नाली निर्माण की जानकारी प्रधान ने पंचायत सचिव तक को नही दिया। क्षेत्रीय पंचायत सचिव संदीप कुमार ने बताया कि नाली निर्माण कराने की उनको कोई जानकारी उनको ग्राम प्रधान ने दिया ही नही है। इस संबंध में बीडीओ बाबागंज राजेन्द्र नाथ पांडेय का कहना है कि मामलें की जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्यवाही की जाएगी।
