बाराबंकी। महिला सशक्तिकरण को लेकर सोमवार को पुलिस लाइन में अद्भुत नजारा देखने को मिला। “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” की भावना को जीवंत करते हुए मिशन शक्ति फेज-05 के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत , डीएम शशांक त्रिपाठी व एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने अलग अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं व बालिकाओं को सम्मानित किया।
सम्मान पाने वालों में बाल वैज्ञानिक पूजा पाल, महिला पुलिस कर्मी, महिला कृषक, सामाजिक कार्यकर्ता, अध्यापिकाएं, मेडिकल अधिकारी, आशा बहुएं, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और वार्डेन शामिल रहीं।कार्यक्रम के दौरान जब मंच से महिलाओं की उपलब्धियों का बखान किया गया तो सभागार तालियों से गूंज उठा। यह सम्मान ना केवल उनके परिश्रम की पहचान बना, बल्कि समाज को दिशा देने वाला संदेश भी साबित हुआ।बालिकाओं और छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सुरक्षा, अधिकारों और कानूनों पर लोगों को जागरूक किया। बेटियों की आत्मविश्वास भरी प्रस्तुतियों ने हर शख्स को भावुक और गौरवान्वित किया।कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो समाज की राहें खुद रोशन हो जाती हैं।
