पीलीभीत। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुरैना गाँधीनगर, पूरनपुर में सोमवार को “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान तथा “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत भव्य स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ भाजपा मण्डल अध्यक्ष मुरैना गाँधीनगर विजय सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य शिविर में लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया और जनमानस को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अभियान की रूपरेखा और इसके तहत दी जा रही सेवाओं का विस्तार से विवरण दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देना है।
स्वास्थ्य शिविर में गर्भवती महिलाओं की जांच व टीकाकरण, बच्चों का टीकाकरण, परिवार नियोजन, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, किशोर-किशोरियों को मार्गदर्शन, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर और शुगर की निःशुल्क जांच की गई। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपचार और दवाइयाँ वितरित की गईं।
शिविर में कुल 474 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान की गईं। इनमें होम्योपैथिक 57, आयुष 50, दंत 53, मानसिक स्वास्थ्य 93, टीबी 38, ईएनटी 72, नेत्र 44, योग 98, प्रसव पूर्व जांच 38, कुष्ठ रोग 48, एनसीडी 135, किशोर स्वास्थ्य 102, परिवार नियोजन 120, आयुष्मान कार्ड 14, महिला रोग 40, बाल रोग 30 मरीजों को परामर्श और उपचार मिला। इसके अतिरिक्त 62 लोगों की विभिन्न रोगों से संबंधित जांच की गई।
इस अवसर पर भाजपा मण्डल अध्यक्ष विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी पूरनपुर डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, डॉ. ओ.पी. मौर्या, डॉ. डी.के. त्रिपाठी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अजय शुक्ला, डॉ. रंजीत रंजन, डॉ. पलास शर्मा, पल्लवी सक्सेना, नीलम देवी, कामिनी, फार्मासिस्ट आलोक कुमार और अनिल कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, स्टाफ, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
