Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः एटा प्रांतीय सम्मेलन में पीलीभीत से दर्जनों व्यापारी करेंगे प्रतिभाग! व्यापारियों की समस्याओं और संगठन विस्तार पर हुई विस्तृत चर्चा


पीलीभीत। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का प्रांतीय सम्मेलन 10 सितम्बर, बुधवार को एटा में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर के व्यापारी शामिल होंगे। पीलीभीत से भी दर्जनों व्यापारी इस सम्मेलन में प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए सोमवार को संगठन की एक आवश्यक बैठक जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी की अध्यक्षता में ओम लॉन स्थित हर्षल बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुई।बैठक का संचालन जिला महामंत्री स्वतंत्र देवल ने किया। इस दौरान प्रांतीय संगठन मंत्री जितेंद्र गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष डालचंद सक्सेना और मंडल मंत्री रतन नाथ मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं को सामने रखते हुए यह मांग की गई कि दिल्ली और लखनऊ जाने हेतु रात्रिकालीन ट्रेनों का संचालन सुचारु किया जाए। साथ ही इस प्रस्ताव को एटा सम्मेलन में भी प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।

व्यापारियों ने गोरखपुर से मेरठ-शामली जाने वाले प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग को लेकर भी विरोध दर्ज किया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग पहले की भांति पीलीभीत से होकर गुजरे, जिससे यहां की व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले।

बैठक की खास बात यह रही कि पहली बार संगठन में महिला शक्ति का भी प्रतिनिधित्व हुआ। श्रीमती निर्मला और श्रीमती काजल ने बैठक में प्रतिभाग किया। संगठन ने विश्वास जताया कि मातृशक्ति के जुड़ने से व्यापारी संगठन और अधिक सशक्त होगा। जल्द ही महिला मोर्चा की टीम गठित की जाएगी।

बैठक में पहली बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाले पीयूष अग्रवाल, राजेंद्र गंगवार, हरविंदर सिंह (चिंटू) और राकेश गंगवार का संगठन की ओर से माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।बदलते समय के अनुरूप व्यापार को ऑनलाइन करने की दिशा में भी विचार-विमर्श हुआ। व्यापारी वर्ग ने इस पर सहमति जताई कि अब परंपरागत व्यापार के साथ ऑनलाइन माध्यमों को अपनाकर कारोबार का विस्तार करना आवश्यक है।

बैठक के अंत में केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी स्लैब प्रतिशत में किए गए संशोधन का स्वागत किया गया। व्यापारियों ने कहा कि इससे मध्यम वर्गीय परिवारों को काफी राहत मिलेगी और उनकी जेब पर बोझ कम होगा।

बैठक के समापन पर नगर अध्यक्ष रवि शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी, जिला महामंत्री स्वतंत्र देवल, नगर अध्यक्ष रवि शर्मा, प्रांतीय संगठन मंत्री जितेंद्र गुप्ता, मंडल उपाध्यक्ष डालचंद सक्सेना, मंडल मंत्री रतन नाथ मिश्रा, मनीष छाबड़ा, प्रतीक सक्सेना, राजकुमार गजवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |