अमेठीः मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान! डीएम ने की अधिकारियों के साथ बैठक
September 24, 2025
अमेठी। नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालंबन के लिए समर्पित मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान प्रदेश सरकार द्वारा शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रारंभ किया गया है। जिसके जनपद में सफल क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी संजय चैहान ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालंबन हेतु शासन द्वारा मिशन शक्ति 5.0 अभियान 30 दिन के लिए संचालित किया गया है जिसे बाद में आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों यथा पुलिस, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, नगर विकास विभाग, युवा कल्याण, राजस्व, महिला कल्याण, संस्कृति, सूचना, औद्योगिक विकास, परिवहन एवं न्याय विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाओंध्बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा हेल्पलाइन नंबरों के संबंध में जागरूक किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग से संबंधित की जाने वाली गतिविधियों को लेकर विस्तृत कार्य योजना तैयार कर लें तथा उसी के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। तथा सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार प्रसार भी कराएं जिससे अधिक से अधिक जनमानस लाभान्वित हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर सात्विक श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला, डीपीआरओ मनोज त्यागी, बीएसए संजय तिवारी, डीपीओ आईसीडीएस संतोष श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
