Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रूस ने यूक्रेन पर किया अब तक का सबसे बड़ा हमला, 4 लोगों की मौत


यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस ने एक और प्रलयकारी हमला किया है। रूस ने रविवार रात यूक्रेन पर 805 ड्रोन और विस्मयकारी हथियारों (डिकॉयज़) से हमला किया। रूस के इस भीषण ड्रोन और मिसाइल हमले में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 11 अन्य घायल हो गए। इस हमले में कीव की कैबिनेट बिल्डिंग भी तबाह हो गई है। इसके साथ कई अन्य सरकारी इमारतें भी धराशाई हो गई हैं। यह हमला इतना भयानक था कि कीव दहल उठा है। इससे लोगों में जबरदस्त दहशत का माहौल है। बदले में यूक्रेन ने रूस की गैस पाइपलाइन उड़ाने का दावा किया है।

यूक्रेन पर पूर्ण पैमाने पर शुरू हुए युद्ध के बाद यह रूस सेना द्वारा किया गया अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला है। यूक्रेन की वायु सेना के प्रवक्ता यूरी इहनात ने एसोसिएटेड प्रेस को पुष्टि की कि रविवार का हमला रूसी ड्रोन का अब तक का सबसे बड़ा हमला था। रूस ने इसके साथ 13 विभिन्न प्रकार की मिसाइलें भी दागीं। वायु सेना के एक बयान के अनुसार, यूक्रेन ने 747 ड्रोन और चार मिसाइलों को मार गिराया या निष्क्रिय कर दिया। यूक्रेन भर में 37 स्थानों पर 9 मिसाइल हमले और 56 ड्रोन हमले हुए। गिराए गए ड्रोन और मिसाइलों का मलबा 8 स्थानों पर गिरा।

हमला इतना अधिक भयानक था कि गगनचुंबी इमारतें भी ढह गईं। कई इमारतों से आग की ऊंची लपटें और काला धुआं उठता दिख रहा है। यूक्रेनी अधिकारियों ने रविवार को बताया कि मृतकों में एक साल का मासूम बच्चा भी शामिल है, जिसे मलबे से निकाला गया। कीव नगर प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि राहत और बचाव कार्य के दौरान बच्चा मृत अवस्था में मिला, जिससे घटना की त्रासदी और भी बढ़ गई।

कीव के मेयर विटालि क्लिट्स्को ने बताया कि रूसी ड्रोन का मलबा राजधानी के स्वियातोशिन्स्की और डार्नित्स्की जिलों में गिरा, जहां एक आवासीय इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचा। प्रभावित इलाकों में फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाएं तुरंत पहुंच गईं। इसके बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हमले के कारण कई अपार्टमेंट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि आस-पास खड़े वाहन भी जलकर खाक हो गए। स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल है और कई लोगों को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है।

यूक्रेनी वायु सेना ने दावा किया है कि उन्होंने कुछ रूसी ड्रोन को मार गिराया, लेकिन सभी हमलों को रोक पाना संभव नहीं हो सका। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब कीव में अपेक्षाकृत शांत माहौल बना हुआ था, जिससे नागरिकों को फिर से डर और असुरक्षा का सामना करना पड़ा है।

इस घटना की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा हो रही है और इसे नागरिकों पर लक्षित हिंसा करार दिया जा रहा है। यूक्रेनी सरकार ने इसे युद्ध अपराध की श्रेणी में रखते हुए रूस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |