बाराबंकी। आशा बहुओं ने मार्च 2024 से लंबित मानदेय भुगतान को लेकर नाराजगी जताई है। सोमवार को आशा बहु स्वास्थ्य समिति की जिला इकाई की ओर से मुख्य चिकित्साधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसमें स्पष्ट कहा गया है कि यदि 10 सितंबर 2025 तक बकाया भुगतान नहीं हुआ तो सभी आशा-आशा संगिनी आंदोलन को मजबूर होंगी।
संगठन की जिला अध्यक्ष सुनीता देवी ने बताया कि मार्च 2024 से अब तक आशा-आशा संगिनी का मानदेय जारी नहीं किया गया है। इसके अलावा सीएचओ-टी, पीएचडीआरएसएमओटीएच, मोबाइल रिचार्ज, आयुष्मान, गोल्डन कार्ड, जनगणना, आयुष्मान आईडी सहित अन्य मदों का भुगतान भी लंबित है।अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डीके श्रीवास्तव को दिये गये ज्ञापन में कहा गया है कि आशा कार्यकत्रियों को स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित बैठकों में नियमित रूप से बुलाया जाता है और उनसे विभिन्न कार्य कराए जाते हैं, लेकिन मेहनताना समय पर नहीं दिया जा रहा है। बकाया भुगतान को लेकर कार्यकत्रियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित तिथि तक भुगतान नहीं किया गया तो 11 सितंबर से सभी आशा बहुएं सामूहिक रूप से आंदोलन करेंगी।
