बाराबंकी। सड़क हादसों में बढ़ती मौतों को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। 1 से 30 सितंबर तक जिले में नो हेलमेट-नो फ्यूल”अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बिना हेलमेट आए दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल पंप पर फ्यूल नहीं मिलेगा।
अभियान का आगाज होते ही पहले ही दिन परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने एआरटीओ अंकिता शुक्ला व यातायात प्रभारी रामयतन यादव के नेतृत्व में पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नियम तोड़ने वाले 22 वाहन चालकों का चालान किया गया। साथ ही पेट्रोल पंप प्रबंधकों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना हेलमेट किसी भी व्यक्ति को पेट्रोल न दिया जाए।अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल चालान करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए चलाया जा रहा है। हेलमेट न पहनने की लापरवाही सड़क पर किसी का भी भविष्य अंधकारमय कर सकती है। अभियान का उद्देश्य लोगों में यह संदेश देना है कि सुरक्षा से बड़ा कोई ईंधन नहीं।
पेट्रोल पंपों पर लगी यह रोक कई लोगों के लिए असुविधा बन सकती है, लेकिन सच यह है कि यह नियम किसी सजा के लिए नहीं, बल्कि जिंदगी की हिफाजत के लिए है। प्रशासन ने अपील की है कि हर दोपहिया चालक हेलमेट को अपनी आदत बनाए, ताकि सड़कें हादसों की जगह सुरक्षित सफर का प्रतीक बन सकें।
