लखनऊः रक्षाबंधन के दिन नवयुवक ने पेड़ पर फांसी लगाकर दी जान
August 10, 2025
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट के इटौंजा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर ने रक्षा बंधन शनिवार के दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना गोहनाखुर्द गांव के मजरा मुकुंदपुर में शनिवार दोपहर को हुई, मृतक की पहचान रॉबिन पुत्र गजराज के रूप में हुई है। बता दें कि रॉबिन अपने पिता के साथ खेत गया था, वहां उसने अपने पिता से कहा कि आप धान की फसल के लिए खाद और कीटनाशक दवाई लें आइए। तब तक वह गांव में अपने दोस्तों से मिलने जाएगा। जैसे ही पिता खाद लेने चले गए, रॉबिन ने गांव के बाहर लगे नीम के पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी।,मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा और परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, रॉबिन की बहन ने भी लगभग छह महीने पहले घर में छत के कुंडे से लटककर आत्महत्या कर ली थी, इस घटना से रॉबिन काफी आहत रहता था। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
