बलिया। रक्षाबंधन का पावन पर्व शहर के सेठ कालोनी में स्थित ‘‘प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय’’ की स्थानीय शाखा पर बडे ही स्नेह और खुशी से मनाया गया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित जिले के अनेकों लोगों को ब्रह्माकुमारी बहनों ने पवित्रता की ईश्वरीय राखी बांधी एवं रक्षाबंधन के पवित्र संदेशों को सुनाते हुए सभी को बधाई भी दिया।
स्थानीय ब्रह्माकुमारी संस्था की मुख्य प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उमा दीदीजी ने बताया कि रक्षाबंधन सभी पर्वों में एक अनोखा पर्व ही नहीं, भारत की संस्कृति तथा मानवीय मूल्यों को उजागर करने वाला, अनेक आध्यात्मिक रहस्यों को प्रकाशित करने वाला और भाई बहन के वैश्विक रिश्ते की स्मृति दिलाने वाला परमात्मा का उपहार है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर्व हम मनाते हैं, जिसमें रक्षा के साथ-साथ बंधन शब्द भी जुड़ा हुआ है। निमित्त तो राखी के धागे बनते हैं, परन्तु बंधन मर्यादाओं को बंधता है। जबकि प्रति वर्ष लोग रक्षाबंधन पर्व तो मनाते ही हैं, लेकिन रक्षाबंधन के मर्यादाओं को अपनाने के बजाय आज मानव अपने मानवीय मूल्यों को, मर्यादाओं को ही खोता जा रहा है। लोगों के दृष्टि, वृत्ति, कृति एवं स्मृति सब विषय विकार से युक्त हिंसक व दुखदाई बनता जा रहा है। इसीलिए आज माताएं, बहनें एवं कन्याएं असुरक्षा महसूस कर रही हैं।
समाज में अपराध बढ़ता ही जा रहा है। अतः एक सुखदाई एवं मूल्यनिष्ठ समाज की स्थापना करने के लिए सभी भाई बहनों को मानवीय मूल्यों, मर्यादाओं को धारण करना अति आवश्यक है।
इस अवसर पर बीके सुरेश भाई, बीके सुमन बहन, बीके पूजा, वंदना बहन, तारकेश्वर सिंह, रणधीर सिंह, निधि, रणजीत सिंह, प्रिया, अभिषेक, विनित, उमेश वर्मा, कलेक्टर गिरी, शंकर दयाल, सुरेन्द्र, भृगुनाथ भाई साहित सैकड़ों ब्रह्माकुमारी बहनें एवं भाई उपस्थित रहे। सभी को राखी भी बांधी गई तथा सभी को मूल्यनिष्ठ समाज की स्थापना के लिए अपने स्वभाव, संस्कार को पवित्र बनाने की प्रतिज्ञा भी कराई गई।
