बलिया। जनपद के उभांव थाने की पुलिस ने दस हजार के इनामी तथा गैंगेस्टर एक्ट में वांछित एक बदमाश को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। साथ ही उसे संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बलिया (उत्तरी) अनिल कुमार झा एवं क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में उभांव पुलिस को सफलता मिली है।
बता दें कि थाना उभांव के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह अपने हमराह टीम द्वारा संदिग्ध वाहन और व्यक्ति की चेकिंग कर रहे थे। वह अखोप चट्टी पर मौजूद थे कि मुखबीर द्वारा सूचना मिली कि धारा 3(1) उ0प्र0 गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप अधिनियम से संबंधित एक इनामी वांछित अभियुक्त निखिल गुप्ता पुत्र मनोज कुमार निवासी बहादुरपुर कारी थाना गड़वार जनपद बलिया को रेलवे क्रासिंग गेट बेल्थरारोड- मधुबन मार्ग कस्बा बेल्थरारोड के पास से गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।
बताते चलें कि वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 10,000 रुपये का इनाम पूर्व में घोषित किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाने पर विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए न्यायालय बलिया रवाना किया गया है।
इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह, सब-इंस्पेक्टर सुमित कुमार, सिपाही अभिषेक दूबे एवं सर्वजीत गुप्ता शामिल रहे।
