गौरीगंज: सपा कार्यालय में मनाई गई बी.पी. मंडल की जयंती! बी.पी. मंडल के विचार आज भी प्रासंगिक- राजेश मिश्र
August 25, 2025
गौरीगंज/अमेठी। सोमवार को जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर सामाजिक न्याय के पुरोधा बाबू बिंदेश्वरी प्रसाद (बी.पी.) मंडल की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नेताओं ने कहा कि बी.पी. मंडल ने पिछड़े, दलित और वंचित समाज के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचारों से समाजवादी पार्टी लगातार प्रेरणा लेती रही है। जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय के पुरोधा बी.पी. मंडल ने पिछड़े, दलित और वंचित समाज को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए जीवन भर संघर्ष किया। आज उनकी जयंती पर हम संकल्प लेते हैं कि समाजवादी पार्टी उनके आदर्शों और विचारों पर चलकर समानता व सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाती रहेगी। प्रवक्ता राजेश मिश्र ने कहा कि बी.पी. मंडल ने सामाजिक न्याय और समानता की नींव रखी थी। आज जब समाज को पिछड़ों, दलितों और वंचितों के हक की लड़ाई लड़नी पड़ रही है, तब उनके विचार और अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। समाजवादी पार्टी मंडल साहब के सपनों को साकार करने के लिए हमेशा संघर्षरत रहेगी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष राम उदित यादव, श्रीराम बौरासी, विजय पासी, सहित अनेक कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।