प्रतापगढः मदरसे में पढ़ रहे बिहार प्रदेश के छात्रों के बाजार में मिलने से हडकंप
August 11, 2025
प्रतापगढ़। जिले में लालगंज तहसील क्षेत्र के एक आवासीय मदरसे में बिहार प्रान्त से पढ़ाई करने मदरसे में रह रहे आधा दर्जन छात्र देर रात बाजार में घूमते पाये गये। लीलापुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर कैलहा में मदरसा इस्लामिया फैजुल कुरान आवासीय मदरसा संचालित है। इस मदरसे में कक्षा एक से पांच तक के बच्चों को तालीम मिला करती है। मदरसे में आसपास के अलावा दूसरे प्रदेश के भी छात्र तालीम लिया करते हैं। रविवार की देर रात मदरसे के आधा दर्जन बच्चे रानीगंज अजगरा बाजार में पैदल कहीं जा रहे थे। इस बीच गश्ती पुलिस की नजर छात्रों पर पड़ गयी। पुलिसिया पूछताछ में इनके हावभाव व बोलचाल की भाषा को लेकर आशंका बन गयी। पुलिस इन छात्रों को लेकर रात में थाने आयी। पुलिस ने मदरसे के प्रबन्धक आबिद अली को सूचित करते हुए उन्हें थाने बुलवाया। यहां प्रबंधक ने बताया कि बिहार के छात्र मदरसे में हाफिज के साथ पढ़ाई लिखाई करने रहा करते हैं। सोमवार को ग्राम प्रधान देवीप्रसाद मिश्र ने मदरसे में बिहार के आधा दर्जन छात्रों के होने की जानकारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को दी। इस बाबत जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रभात कुमार का कहना है कि मदरसे को कक्षा एक से पांच तक की मान्यता मिली हुई है। एसडीएम लालगंज को वास्तविक स्थिति से अवगत कराये जाने के लिए फोन किया गया। एसडीएम शैलेन्द्र वर्मा के निर्देश पर नायब तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार मिश्र थाना मुख्यालय पहुंचे। नायब तहसीलदार ने भी बच्चों से पूछताछ की। वहीं लीलापुर प्रभारी निरीक्षक मनोज पाण्डेय का कहना है कि बच्चों को हाफिज की मौजूदगी में उनके रिश्तेदारों को सुपुर्द किया गया है।
.jpg)