अमेठीः बेकाबू ट्रक घर में घुसा, चार घायल! ग्रामीण बोले -नशे की हालत में था चालक
August 22, 2025
अमेठी। प्रतापगढ़ मार्ग पर शुक्रवार शाम धेड़पसार गांव में बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसा। हादसे के समय मकान के बरामदे में बैठे तीन लोग व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। वहीं, ट्रक में फंसे चालक को भी बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। गांव के निवासी विवेक कुमार ने बताया कि करीब साढ़े तीन बजे उनके चाचा परिवार के साथ घर के बरामदे में बैठे थे। तभी नशे में धुत ट्रक चालक तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर बरामदे में घुस गया। हादसे में रामलखन, विशाल और अभियान सहित गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक चालक भी इस दौरान बुरी तरह जख्मी हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, हादसे में करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मकान का बरामदा और छत का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। थाना प्रभारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक का इलाज चल रहा है। अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
