बीसलपुरः अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, परिवार में मचा कोहराम
August 18, 2025
बीसलपुर। रविवार रात बीसलपुर-बरेली रोड पर एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ग्राम गोवल पतिपुरा निवासी जागनलाल का 45 वर्षीय पुत्र हेमराज रात करीब दस बजे किसी काम से बीसलपुर आ रहा था। जैसे ही वह पेट्रोल पंप से पहले पहुँचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही हेमराज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे नगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुँचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
