मुसाफिरखाना: चोरी का खुलासा! एक चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
August 27, 2025
मुसाफिरखाना/अमेठी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में एवं अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के धर पकड़ हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई की कस्बा मुसाफिरखाना में दुकान में हुई चोरी से संबंधित व्यक्ति चोरी के सामान के साथ लखनऊ-सुलतानपुर हाइवे पटई पुरवा तिराहे पर मौजूद है । उक्त सूचना पर मुसाफिरखाना पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंच कर मौजूद व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी तो उसने अपना नाम भानू सरोज पुत्र बुद्धू सरोज निवासी ग्राम टांडा थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक जनपद अमेठी उम्र 21 वर्ष बताया, तलाशी से कब्जे से 130 रुपये बरामद हुए तथा उसके कब्जे से बरामद एक बोरी व झोले की तलाशी लेने पर 01 अदद टीन सरसो का तेल, 01 अदद टीन रिफाइन्ड, तम्बाकू, गुटखा, सिगरेट आदि सामान बरामद हुआ । बरामद सामान के संबंध में बताया कि उसने अपने साथी मोनू सरोज व शानू सरोज पुत्रगण गोवर्धन सरोज निवासीगण भनौली थाना मुसाफिरखाना जनपद अमेठी के साथ मिलकर रात्रि में अरविन्द कुमार की दुकान से तेल, रिफाइन्ड, मूंगफली आदि चोरी किया था । शिवशंकर की दुकान से पान मसाला, सिगरेट, गुटखा चोरी किया था । दोनों चोरियों से मिले सामान को आपस में बांट लिया था । कुछ सामान बेच दिया था, बरामद रुपये उसी बिक्री के बचे हुए रुपये हैं । बरामदी के आधार पर उपरोक्त मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गयी । गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह ने बताया कि थाना मुसाफिरखाना पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की जा रही है ।
