लखनऊ। लखनऊ जिलाधिकारी विशाख ने बख्शी का तालाब तहसील क्षेत्र में पड़ने वाली गोमती नदी का बढ़ता जल स्तर और बाढ़ की दृष्टिगत तहसील बख्शी का तालाब क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लासा,अकडरिया कलां,अकड़रिया खूर्द, हिरापूरवा,हरदा कालोनी, सुल्तानपुर, बहादुरपुर और शिवपुरी गांव का भ्रमण करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। लखनऊ जिलाधिकारी विशाख द्वारा ग्राम लासा गांव पहुंच कर जल भराव वाले क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए ग्राम वासियों से संवाद किया।जिसके बाद जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग से जल स्तर के सम्बन्ध में जानकारी मांगी गई। अधिशासी अभियंता द्वारा बताया गया कि बहुत अधिक डिस्चार्ज की संभावना नहीं है परंतु अभी के मुकाबले शाम तक जल स्तर बढ़ने की संभावना है। इस दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बख्शी का तालाब और तहसीलदार बख्शी का तालाब को निर्देशित किया कि, बाढ़ जैसी स्थिति की संभावना के दृष्टिगत प्रभावित सभी ग्रामों में आवागमन हेतु नाव, नाव चालक और गोताखोरों की व्यवस्था को तत्काल सुनिश्चित करवाया जायें। साथ ही रात्रि के समय मार्ग पर प्रकाश हेतु लाइट पेट्रोमेक्स आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गये हैं। उक्त के साथ ही मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में मरीज को रेस्क्यू करने हेतु मोटर बोट की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गये हैं। वहीं भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी लखनऊ ने उचित दर राशन दुकान के कोटेदार से संवाद करते हुए खाद्यान्न वितरण की स्थिति का जायजा लिया, साथ ही निर्देशित किया गया कि, राशन का वितरण सुनिश्चित किया जाए और खाद्य सामग्री के सम्बन्ध में कोई भी कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि प्रभावित ग्राम पंचायतों में राशन वितरण पूरी जिम्मेदारी से किया जायें तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि प्रभावित ग्रामों में गौवंश के लिए चारा भूसें की उपलब्धता हेतु कैंप लगवाना सुनिश्चित किया जाये। वहीं एमओआईसी (डव्प्ब्) को निर्देशित किया गया कि ग्रामों में कैंप लगाते हुए आवश्यक दवाओं विशेषकर एंटी स्नेक वेनम दवाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित किया जायें। साथ ही कैंपों में राजस्व कर्मियों, ग्राम पंचायत सचिव के साथ डाक्टरों की शिफ्ट वार राउंड द क्लाक ड्यूटी लगाना भी सुनिश्चित किया जायें।लखनऊ जिलाधिकारी विशाख द्वारा अकड़रिया कलां, खूर्द,लासा,सुल्तानपुर, बहादुरपुर और शिवपुरी का भ्रमण करते हुए जल स्तर का जायजा लिया और बाढ़ जैसी स्थिति की संभावना के दृष्टिगत तहसीलदार बीकेटी को निर्देशित किया गया कि प्रभावित ग्रामों में सोमवार से ही कंट्रोल रूम की स्थापना कराना सुनिश्चित किया जाये। कंट्रोल रूम में कानूनगों को इंचार्ज बनाते हुए,लेखपालों व अन्य विभाग के अधिकारियों जैसे,एमओआईसी,वेटनरी,डाक्टर, सप्लाई इंस्पेक्टर आदि की तैनाती करना सुनिश्चित किया जायें। इस दौरान भ्रमण में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, अपरजिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उपजिलाधिकारी बीकेटी, तहसीलदार बीकेटी, खंड विकास अधिकारी बीकेटी, अधिशासी अभियंता सिंचाई सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहें।
बख्शी का तालाब तहसील क्षेत्र अंतर्गत इटौंजा थाना क्षेत्र लासा गांव की सड़क पर पानी भर जाने से गांव के स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को निकालने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। वही बहादुरपुर सुल्तानपुर गांव को जोड़ने वाली सड़क पर गोमती नदी का पानी भर जाने से ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, स्कूली बच्चे पानी में होकर ही स्कूल जाने को मजबूर हैं और इन क्षेत्रों के पशुओं जानवरों को काफी मुश्किलें हो रही है, वह भी चारा पानी के लिए काफी मुश्किल उठा रहे हैं।
