गौरीगंज: राष्ट्रगौरव का महापर्व! भाजपा की तिरंगा यात्रा एवं ऑपरेशन सिन्दूर का विजयोत्सव उन्नीसों मण्डलों में ऐतिहासिक सम्पन्नता की ओर
August 12, 2025
गौरीगंज/अमेठी। जनपद अमेठी सोमवार औरमंगलवार को राष्ट्रभक्ति और जनसेवा के रंग में सराबोर हो उठा,जब भारतीय जनता पार्टी अमेठी के नेतृत्व में सभी उन्नीस मण्डलों में तिरंगा यात्रा तथा ऑपरेशन सिन्दूर के विजयोत्सव का भव्य एवं अभूतपूर्व आयोजन सम्पन्न हुआ।तिरंगा यात्रा में स्वाधीनता संग्राम के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जनमानस राष्ट्रध्वज थामे “भारत माता की जय” और “वन्दे मातरम्” के घोष के साथ नगर-नगर, ग्राम-ग्राम से गुजरे। शहीद स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता के अमर नायकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।इस आयोजन में भारतीय सेना द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न ऑपरेशन सिन्दूर के विजयोत्सव को भी जन-जन ने उल्लासपूर्वक मनाया। इस सैन्य अभियान ने राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा एवं मातृभूमि की अखण्डता को सुदृढ़ किया, जिसके लिए देश सदैव सेना के शौर्य और बलिदान का ऋणी रहेगा।विजयोत्सव के दौरान वीर सैनिकों का स्मरण, राष्ट्रध्वज के साथ विजय घोष और मातृभूमि के प्रति निष्ठा का संकल्प लिया गया।भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल ने कहा तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों बलिदानों की गाथा और भारत के आत्मसम्मान की पहचान है। ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ का विजयोत्सव हमारे सैन्य पराक्रम, राष्ट्रीय गौरव और अदम्य संकल्प का अमिट प्रमाण है। भाजपा प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने कहा तिरंगा यात्रा हमारे इतिहास, त्याग और संकल्प की जीवंत स्मृति है। इसके रंग हमें शौर्य, त्याग और शांति के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने की प्रेरणा देते हैं। ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ का सैन्य विजय पर्व हमें यह स्मरण कराता है कि राष्ट्र की रक्षा के लिए हर बलिदान गौरवमयी है। कार्यक्रम संयोजक जिला मंत्री अतुल सिंह ने बताया भाजपा अमेठी के इस विराट आयोजन मे जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिकों ने अदम्य उत्साह के साथ सहभागिता की, जिससे यह आयोजन जनपद के इतिहास में स्वर्णाक्षरों से अंकित हो गया।
