उन्नाव। जिले के एडूट्री विद्यालय, निराला नगर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भाजपा की ओर से आयोजित “गुरु सम्मान कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चैधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा अवध क्षेत्र अध्यक्ष कमलेश मिश्रा व जिला प्रभारी व प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।गुजरात में पुल हादसे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चैधरी ने कहा कि यह गुजरात राज्य का विषय है। मुझे इसकी पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन इतना निश्चित है कि गुजरात सरकार इसकी उच्च स्तरीय जांच कराकर सख्त कार्रवाई करेगी। ऐसी कार्रवाई होगी जो भविष्य में नजीर बनेगी।विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी ने जब-जब सरकार चलाई है, तब-तब योजनाओं और परियोजनाओं में भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। देश इन सब बातों से भली भांति परिचित है। भाजपा सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांत पर काम कर रही है।
सावन के महीने और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं पर बोलते हुए चैधरी ने कहा कि यह महीना धार्मिक आस्था से जुड़ा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवालयों में जल चढ़ाने जाते हैं। हमारी सरकार ने पारदर्शी और सुरक्षित व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं को पूरा सहयोग दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर अपनी आस्था का निर्वहन कर सकें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फूड सिक्योरिटी एक्ट के तहत कोई भी उत्पादक अपनी पहचान उजागर किए बिना खाद्य उत्पाद नहीं बेच सकता। सरकार ने इस व्यवस्था को भी सख्ती से लागू किया है।गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के कई शिक्षकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। भाजपा पदाधिकारियों ने गुरुजनों को सम्मान-पत्र भेंट कर वंदन किया।