बाराबंकीः रामसेवक यादव के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना समाजवादियों का कर्तव्य - अरविंद सिंह गोप
June 24, 2025
बाराबंकी। स्वर्गीय रामसेवक यादव डॉ. लोहिया के साथी थे। उन्होंने उस दौर में समाजवाद की मशाल जलाए रखी जब देश में कांग्रेस का प्रभाव सर्वोच्च था। आज भी बाराबंकी उनकी पहचान से जानी जाती है। उनके विचारों को लोगों तक पहुंचाना हम सभी समाजवादियों का दायित्व है। यह बातें सपा नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने स्थानीय देवा रोड स्थित गांधी भवन में स्व.रामसेवक यादव की 99वीं जयंती वर्ष की शुरुआत को ऐतिहासिक बनाने के लिए आयोजित कार्यक्रम में कही। इस मौके को ऐतिहासिक बनाने के लिए खाटी समाजवादियों का एक साथ जमवाडा हुआ और ऐतिहासिक पहल करते हुए सर्वसम्मति से स्व. रामसेवक यादव जन्म शताब्दी समिति का गठन किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 02 जुलाई 2025 से 02 जुलाई 2026 तक पूरे साल जिले भर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्व. रामसेवक यादव के विचारों, योगदान और संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।समिति के अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ समाजवादी चिन्तक राजनाथ शर्मा को चुना गया, जबकि संरक्षक मंडल में अरविंद कुमार सिंह गोप, अमिताभ सिंह यादव (स्व. रामसेवक यादव के सुपुत्र), पूर्व एमएलसी राजेश कुमार यादव ‘राजू’, डॉ. विकास यादव, पूर्व प्रमुख नन्हें सिंह यादव तथा संयोजक ज्ञान सिंह यादव शामिल हैं। सिमित के अध्यक्ष राजनाथ शर्मा ने कहा कि यह केवल एक समारोह नहीं, बल्कि समाजवादी धारा को फिर से जगाने की एक ऐतिहासिक पहल है। वहीं पूर्व एमएलसी राजेश कुमार यादव ने बताया कि जनपद के सभी ब्लॉकों में बड़े स्तर पर आयोजन कर रामसेवक यादव के समकालीन साथियों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।बैठक का संचालन वरिष्ठ नेता ज्ञान सिंह यादव ने किया। समिति में पूर्व कैबिनेट मंत्री राकेश कुमार वर्मा, पूर्व सांसद रामसागर रावत, पूर्व विधायक सरवर अली खान, पूर्व एमएलसी अरविंद कुमार यादव, प्रदेश सचिव सरताज चैधरी, लोकतंत्र सेनानी हरिराम सिंह यादव सहित कई प्रमुख समाजवादी नेताओं को शामिल किया गया।