पीलीभीतः राज्यमंत्री प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल की डीएम से मुलाकात, मझोला क्षेत्र में जनता दर्शन की मांग! अमरिया मार्ग की बदहाली और डियूनी डाम पुल के पुनर्निर्माण पर हुई चर्चा
June 25, 2025
पीलीभीत। आज राज्यमंत्री (गन्ना विकास एवं चीनी मिल) संजय सिंह गंगवार के निर्देश पर उनके जिला प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल ने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह से शिष्टाचार भेंट कर मझोला क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने पाञ्चजन्य पत्रिका भी डीएम को भेंट की।कपिल अग्रवाल ने डीएम से आग्रह किया कि मझोला क्षेत्र में सप्ताह में एक दिन जनता दर्शन कार्यक्रम अनिवार्य रूप से आयोजित किया जाए, जिसमें उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल जैसे राजस्व व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहें। इससे क्षेत्र के लोगों को अमरिया तहसील के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो सकेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि मझोला से अमरिया मार्ग की अत्यंत खराब स्थिति और उस मार्ग पर किसी भी सार्वजनिक परिवहन सेवा के अभाव के कारण क्षेत्रीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गरीब तबके के लोग समय और धन दोनों की बर्बादी झेलते हैं।इसके अतिरिक्त डियूनी डाम पुल की जर्जर स्थिति को लेकर उन्होंने उसके पुनर्निर्माण और मझोला-अमरिया मार्ग के चैड़ीकरण की आवश्यकता को रेखांकित किया। कपिल अग्रवाल ने बताया कि यह विषय उन्होंने पूर्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी रखा था, जिस पर मुख्यमंत्री ने गंभीर रुचि ली थी और अब जिला स्तर से प्रस्ताव भेजे जाने की आवश्यकता है ताकि शासन स्तर पर अनुमोदन कराया जा सके।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक जानकारी जुटाकर ठोस कार्यवाही का आश्वासन दिया।
