लखनऊः नगर आयुक्त ने किया स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम का निरीक्षण! शिकायतों के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
June 25, 2025
लखनऊ। सनगर आयुक्त गौरव कुमार ने बुधवार को स्मार्ट सिटी स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में कार्यरत कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे जनता से प्राप्त शिकायतों को तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं और उनकी निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए फीडबैक भी लेते रहें।नगर आयुक्त ने विशेष रूप से जोर दिया कि जनता की शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अभियंत्रण विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबद्ध विभागों को यह सुनिश्चित करना होगा कि समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए स सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्राप्त शिकायतों पर बिना विलंब के कार्रवाई करें।प्रत्येक शिकायत का समाधान गुणवत्ता परक होना चाहिए और कार्य के प्रति जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाए।बरसात के मौसम को देखते हुए मुख्य मार्गों, वीआईपी क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर जलभराव की समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने कहा कि 311 एप पर प्राप्त होने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समीक्षित समयसीमा में उनका निस्तारण हो।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सुएज इंडिया को भी निर्देशित किया कि वे सीवर से संबंधित शिकायतों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण समाधान करें। उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही मौके पर टीम भेजी जाए, ताकि नगरवासियों को असुविधा न हो और शहर की स्वच्छता व स्वास्थ्य मानक सुनिश्चित रह सकें।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने दोहराया कि स्मार्ट सिटी के तहत तकनीक के माध्यम से जनता को शीघ्र और सटीक सेवाएं प्रदान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायत निस्तारण की पारदर्शिता, समयबद्धता और प्रभावशीलता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
