अमेठीः बीएचपी के प्रखंड मंत्री के घर के सामने मिला मांस का टुकड़ा, फैला आक्रोश
June 06, 2025
अमेठी। संग्रामपुर क्षेत्र के शीतलागंज पुन्नपुर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड मंत्री बद्री सोनी के घर के सामने स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में मांस का टुकड़ा पड़ा मिला। यह देख ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।घटना की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री अभिमन्यु उपाध्याय समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और संगठन के कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मांस के टुकड़े को निस्तारित कर दिया और दो संदिग्ध लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ अमेठी ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगदेव सिंह को निर्देश दिया कि मंदिर से 200 मीटर की परिधि में संचालित मीट की सभी दुकानों को हटाकर चरई का पुरवा गांव के पास स्थानांतरित किया जाए। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री अभिमन्यु उपाध्याय ने बताया कि प्रखंड मंत्री बद्री सोनी ने उन्हें सूचना दी कि मंदिर परिसर में तीन-चार दिनों से लगातार मांस के टुकड़े फेंके जा रहे हैं। शुक्रवार को जब पुनः ऐसा हुआ तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे। सीओ अमेठी और थाना अध्यक्ष भी पहुंचे और 24 घंटे के भीतर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।