उन्नाव: शहर को स्वच्छ, सुंदर व स्वास्थ्यपरक बनाने के लिए 22 करोड़ से अधिक के निर्माण कार्य करा रही नगर पालिका
June 17, 2025
उन्नाव। जिले में नगर पालिका परिषद उन्नाव द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत शहर को स्वच्छ, सुंदर व स्वास्थ्यपरक बनाने के लिए 22 करोड़ से अधिक के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। पालिका अध्यक्ष स्वेता मिश्रा ने प्रेसवार्ता कर विकास कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।पालिका द्वारा इस वर्ष 212 छोटी-बड़ी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। जल भराव की समस्या से निपटने के लिए 98 लाख की लागत से चार प्रमुख नालों के निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। बरसात पूर्व 25 किमी नालों की सफाई आधुनिक मशीनों और सफाई कर्मियों के सहयोग से कराई जा रही है।
शहर के सौंदर्यीकरण के तहत अटल उपवन (वेस्ट टू वंडर पार्क), आजाद पार्क कब्बा खेड़ा तिराहा और अर्जुन पार्क नरेंद्र नगर का कार्य पूर्ण हो चुका है। रामनगर, आवास विकास व गांधी नगर वार्ड के पार्कों में कार्य जारी है। पार्कों के नवीनीकरण से नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल रहा है। 32 वार्डों में फॉगिंग, चूना-ब्लीचिंग और एण्टीलार्वा छिड़काव कर डेंगू के मामलों में 80ः तक कमी लाई गई है। नाइट-स्वीपिंग व्यवस्था भी इंदौर की तर्ज पर शुरू की गई है जिससे सफाई व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है।शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1533 शुरू किया गया है। इसमें उन्नाव प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। अब क्विक रिस्पांस टीम का गठन भी किया जा रहा है, जो पेयजल, प्रकाश, जलभराव व सफाई की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करेगी।नगर के 32 वार्डों में 114 समर्सिबल बोरिंग लगाए जा रहे हैं, जबकि वर्षा जल संरक्षण के लिए 27 वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निर्माण प्रस्तावित है। करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर संरक्षित किया गया है।
पालिका द्वारा 10 हजार डस्टबिन व पर्यावरण अनुकूल झोले वितरित कर पॉलीथीन मुक्त जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए नई मशीनों व वाहनों की खरीदी का भी प्रस्ताव तैयार किया गया है। पालिका अध्यक्ष स्वेता मिश्रा ने कहा कि नगर के चहुँमुखी विकास में नागरिकों का सहयोग अहम है। पालिका का प्रयास है कि उन्नाव को स्वच्छ, सुगम व स्वास्थ्यपरक शहर बनाया जाए।