अमेठी: विधानसभा चुनाव 2027ः संगठन को मजबूत करने में जुटी सपा, हुई समीक्षा बैठक
June 06, 2025
अमेठी। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने की रणनीति शुरू कर दी है। इसी क्रम में अमेठी जिले के प्रभारी बनाए गए अनिल सिंह वीरू आज अमेठी पहुंचे। उन्होंने समाजवादी पार्टी कार्यालय, गौरीगंज में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में समाजवादी पार्टी द्वारा प्रचारित पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले को जोर-शोर से उठाया गया। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे प्रत्येक जाति, वर्ग और समुदाय से संवाद करें और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाएं। पार्टी का लक्ष्य है कि इन वंचित वर्गों को सशक्त बनाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाए। बैठक के समापन पर यह संकल्प लिया गया कि संगठन को निचले स्तर तक मजबूत बनाकर सपा अमेठी समेत पूरे प्रदेश में परिवर्तन की लहर लाएगी। अनिल सिंह वीरू ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश के 75 जिलों में संगठन को सशक्त करने के उद्देश्य से जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है। इसी कड़ी में उन्हें और पंधारी यादव को अमेठी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। समाजवादी पार्टी का पांच स्तरीय संगठन जिला नगर, विधानसभा, ब्लॉक और बूथ स्तर कृ पार्टी की रीढ़ है। इसे और मजबूती देने के लिए कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “प्रदेश में भाजपा सरकार को 8 साल और केंद्र में 11 साल हो चुके हैं। लेकिन प्रधानमंत्री ने जो वादे किए थे, वे पूरे नहीं हुए। जनता अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। हमें गांव-गांव जाकर लोगों को बताना है कि डबल इंजन की सरकार ने समाज के हर वर्ग को कैसे धोखा दिया। इसकी जानकारी राजेश मिश्र एडवोकेट प्रवक्ता समाजवादी पार्टी ने दी।