आगरा में पार्टी सांसद रामजी लाल सुमन के घर पहुंचे अखिलेश यादव
April 19, 2025
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन से मुलाकात की। रामजी लाल सुमन के घर पहुंचे अखिलेश यादव ने बीजेपी और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि रामजी लाल के घर अचानक हमला नहीं हुआ। साजिश के तहत हमला हुआ। रामजी लाल सुमन के घर पर तोड़फोड़ की गई है। पीडीए को डराने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों को डराना चाहती है, क्योंकि वो जानती है कि पीडीए की ताकत सपा के साथ खड़ी है।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि हिंसा के पीछे सरकार की फंडिग है। हमला करने वालों पर सरकार का समर्थन था, उनको कार्यवाई का डर नहीं था। मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा में तलवारें लहराई गई। उन्होंने कहा कि लखनऊ और दिल्ली का जो झगड़ा है उस पर ये आगरा में ताकत दिखाया गया।
रामजी लाल सुमन से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी बाबा साहब अंबेडकर के संविधान और उसके तहत हमें मिले अधिकारों का पालन करते हुए आगे बढ़ेगी। तलवार लहराने वालों और गाली-गलौज करने वालों पर कार्रवाई की जाए। हम कानून को मानने वाले लोग है। भाजपा के लोग कानून मानने वाले नहीं हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि आज सामंतवादी और प्रभुत्वादी को पता है कि उनकी सरकार है। मुझे गोली मारने की धमकी मिल रही है कि जैसे फूलन देवी को मारा वैसे तुम्हें मारेंगे, आखिरकार कौन हैं इनके पीछे?। मनमानी का दौर अब नहीं चलेगा क्योंकि अब बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी का संविधान है, संविधान ही सर्वोपरि रहेगा, पहले भी था और आगे भी रहेगा।
सपा प्रमुख ने कहा कि जो इतिहास हमें आगे ना बढ़ाता हो, जो हमारे आपके बीच में दूरियां पैदा करता हो, उस इतिहास को इतिहास ही रहने देना चाहिए। क्योंकि इतिहास में बहुत सारी ऐसी चीज है कुछ आपको अच्छी नहीं लगेगी, कुछ मुझे अच्छी नहीं लगेगी।"
