लखनऊ: शिवरी प्लांट का कूड़ा प्रबंधन बनेगा देश-विदेश के लिये मिसाल- ऊर्जा मंत्री
April 02, 2025
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बुधवार को लखनऊ के शिवरी कूड़ा निस्तारण प्लांट का दौरा किया। उन्होंने वहां चल रहे लिगेसी वेस्ट (पुराना कचरा) प्रबंधन कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने जोर देकर कहा कि शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए मानव श्रम और आधुनिक मशीनों का समुचित उपयोग किया जाए। उन्होंने पार्षदों से भी अपील की कि वे अपने वार्डों में कचरा प्रबंधन के लिए मशीनों के उपयोग पर विशेष ध्यान दें।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि शिवरी में पिछले 10 वर्षों से लखनऊ का कचरा डंप किया जा रहा था, जिससे 18-19 लाख मीट्रिक टन का कूड़े का पहाड़ बन गया था। यह 50 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ था, जिससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों की समस्या बनी हुई थी। साथ ही नगर निगम के लिए कचरे के उचित निस्तारण की चुनौती बढ़ रही थी।
इस समस्या का समाधान निकालने के लिए डेढ़ वर्ष पहले 100 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई। इस राशि से आधुनिक मशीनों और वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग कर कूड़ा निस्तारण का कार्य शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि मुझे बहुत प्रसन्नता है कि महापौर सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने शिवरी में उत्कृष्ट कार्य किया है, जिससे अब तक 53ः यानी 10 लाख मैट्रिक टन कूड़े का निस्तारण हो चुका है।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि जैसे-जैसे कूड़े का निस्तारण हो रहा है, वैसे-वैसे खाली हो रही जमीन को जनहित में उपयोगी बनाया जा रहा है। यहां पार्क और उद्यान विकसित किए जा रहे हैं, जिससे हरियाली बढ़ेगी।स्थानीय लोगों के लिए स्टेडियम, अस्पताल और स्कूल बनाए जाएंगे।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने घोषणा की कि बहुत जल्द ही एनटीपीसी के सहयोग से 2000 टीपीडी क्षमता का वेस्ट टू एनर्जी प्लांट बनाया जाएगा, जिससे कचरे से बिजली का उत्पादन होगा। इसके अलावा, शिवरी प्लांट में सौर ऊर्जा संयंत्र भी लगाया जाएगा, जिससे प्लांट की बिजली खपत कम होगी और पर्यावरण को फायदा होगा।
शिवरी प्लांट में बायो-रिमेडिएशन तकनीक से कचरे का निपटान किया जा रहा है।कूड़े से आरडीएफ (त्मनिेम क्मतपअमक थ्नमस) ईंधन तैयार किया जा रहा है, जिसे विभिन्न फैक्ट्रियों को बेचा जाता है। इससे नगर निगम को आय भी हो रही है। प्लांट से निकला कुछ अन्य कचरा हाईवे और नेशनल हाईवे निर्माण में इस्तेमाल किया जा रहा है।ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि शिवरी प्लांट देश और विदेश के लिए एक मॉडल बनेगा।आने वाले 1-2 वर्षों में शिवरी के पूरे कूड़े का निस्तारण कर लिया जाएगा और यह क्षेत्र स्वच्छ और विकसित बन जाएगा। इस दौरान नगर निगम के नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, डॉ. अरविंद कुमार राव, चीफ इंजीनियर, जोनल अधिकारीगण समेत सदस्य विधान परिषद राम चंद्र प्रधान्, सदस्य विधान परिषद मुकेश शर्मा, उपविजेता अंजनी श्रीवास्तव, पार्षद दल के उप नेता सुशील कुमार पम्मी, उत्तर प्रदेश बाल आयोग की पूर्व सदस्य अनीता अग्रवाल,पार्षदगण रंजीत सिंह , सौरभ सिंह श्मोनूश्, अरुण राय, राम नरेश रावत नगर सहित निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
