कन्नौजः नौनिहालों ने वल्र्ड डांस डे के अवसर पर सीखी कत्थक की बारीकियां
April 30, 2025
छिबरामऊ/कन्नौज। आवास विकास स्थित सुप्रभास अकादमी मे दिल्ली की क्लासिकल डांस अकादमी नर्तन बोधा के सौजन्य से आवास विकास स्थित सुप्रभाष अकादमी में भारतीय शास्त्रीय नृत्य (कत्थक) की एक कार्यशाला आयोजित की गई।जिसमें विद्यालय के छात्र छात्राओं ने बड़े ही मन से कत्थक की बारीकियां सीखी।
आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ जय किशन महाराज के शिष्य पंडित आकाश द्विवेदी एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अलका गुप्ता द्वारा विद्या की देवी मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण किया गया। इस दौरान श्री आकाश द्विवेदी द्वारा बच्चों को कत्थक के बारे में पूरे मनोयोग से समझाया गया। कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य बच्चों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना एवं उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारना था।
उक्त कार्यशाला में आकाश द्विवेदी द्वारा बच्चों को कत्थक की बारीकियो से अवगत कराते हुए बच्चों को ये भी बताया गया कि कत्थक भारतीय शास्त्रीय नृत्यों के आठ रूपो में से एक है यह उत्तर प्रदेश का शास्त्रीय नृत्य रूप है।कत्थक एक ऐसी कला है जिसने संपूर्ण भारतवर्ष में अपना डंका बजाया है जिसके श्रेय पंडित बिरजू महाराज को जाता है।
इस मौके पर बच्चों ने श्री द्विवेदी द्वारा नृत्य के माध्यम से दर्शाएं गई भावभंगिमा को अपने चित्त में उतरते हुए नृत्य के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए इस कला को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अंत में विद्यालय के मैनेजर एवं प्रधानाचार्या अलका गुप्ता द्वारा श्री द्विवेदी को शाल उड़ाकर , मोमेंटो भेंट कर उनका धन्यवाद किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।