अमेठी। दिव्यांग जनों की समस्याओं के निराकरण हेतु आज तहसील गौरीगंज के सभागार में उत्तर प्रदेश के राज्य आयुक्त दिव्यांगजन प्रोफेसर हिमांशु शेखर झां की अध्यक्षता में दिव्यांग मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में दिव्यांग जनों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चैहान, मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल, उपायुक्त दिव्यांगजन शैलेंद्र कुमार सोनकर भी उपस्थित रहे। आज आयोजित इस दिव्यांग मोबाइल कोर्ट में जनपद अमेठी के कुल 74 दिव्यांग जनों ने पहुंच कर राज्य आयुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं प्रस्तुत की, दिव्यांग जनों द्वारा उठाई गई प्रमुख समस्याओं जैसे आवास, शौचालय, भूमि विवाद, पुलिस संबंधी कार्यवाही हेतु, पेंशन, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल, बिजली बिल, स्वास्थ्य विभाग संबंधित कुल 105 मामले पंजीकृत कराए गए, सभी मामलों के समाधान के लिए राज्य आयुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जांच कर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दिव्यांग जनों को आदेश की प्रति भी उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर राज्य आयुक्त ने कहा कि यह दिव्यांग मोबाइल कोर्ट दिव्यांग जनों के लिए न्याय की पहुंच को सुगम बनाने की एक महत्वपूर्ण पहल है राज्य आयुक्त की टीम जनपदों में जाकर दिव्यांग जनों की समस्याओं की सुनवाई करती है और मौके पर ही उनका समाधान करने का प्रयास करती है।
