बलियाः जाति प्रमाणपत्र को लेकर आगसा ने कलेक्ट्रेट में किया जोरदार प्रदर्शन: 700 लोगों ने स्वैच्छिक गिरफ्तारी दी, प्रशासन ने मुचलके पर छोड़ा
April 21, 2025
बलिया। आल गोंडवाना स्टूडेंटस एसोसिएशन के सदस्यों ने सोमवार की दोपहर दो बजे कलेक्ट्रेट में जाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर जेल भरो आंदोलन के तहत प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगभग 700 प्रदर्शनकारियों की सांकेतिक गिरफ्तारी की। सभी को निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
संगठन के नेता अरविंद गोंडवाना ने कहा कि सरकार ने गोंड़ जाति को प्रमाण पत्र देने का शासनादेश जारी कर दिया है। लेकिन बलिया का जिला प्रशासन इसे जारी नहीं कर रहा है। नगर पंचायत मनियर में अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित अध्यक्ष पद का उपचुनाव होना है। चार गोंड़ बिरादरी की महिलाओं के नामांकन वैध पाए गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि संगठन का ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। संगठन के नेताओं ने मांग न माने जाने पर छात्र कर्फ्यू की चेतावनी दी है। पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संरक्षक नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू ने छात्रवृत्ति में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया। वक्ताओं ने कहा कि आल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन 86 दिनों से कलेक्ट्रेट मॉडल तहसील पर अनिश्चितकालीन धरना दे रहा है। यह मामला संसद और विधान सभा में भी उठ चुका है। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी सदर से संपर्क किया। फिर भी गोंड जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं।