मीरगंज: खेत में खड़े पेड़ों के विवाद में दो पक्षों में जमकर चले लाठी डंडे और छुरियां, आधा दर्जन लोग हुए घायल, दोनों पक्षों की ओर से दी गयी कोतवाली पुलिस को तहरीर
March 08, 2025
मीरगंज। क्षेत्र के गांव नौसना में खेत में खड़े पेड़ों को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे और चाकूबाजी तक चल गयी। जिससे इस घटना में तकरीबन दोनों ही पक्षों के आधा दर्जन महिला पुरूष घायल हो गये। दोनों ही पक्षों की ओर से मीरगंज पुलिस को आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों के मेडिकल परीक्षण उपरांत कार्यवाही शुरू कर दी है।
गांव नौसना निवासी प्रथम पक्ष के राम औतार सिंह का कहना है कि उसने अपने खेत में पापुलर के पेड़ लगाये थे। उनका आरोप है कि विपक्षीगण जगदीश सिंह, सुभाष सिंह व विकास सिंह ने पेड़ उखाड़ कर फेंक दिये। जिसकी शिकायत करने पर विपक्षीगणों ने हमलावर होकर उन पर लाठी डंडों और चाकुओं से प्रहार किया जिससे इस घटना में ओमनमा व जनक पाल और वह स्वयं घायल हो गये। और बीच बचाव करने आये रवि व अर्जुन सिंह और रचना घायल हो गये। उनका आरोप यह भी है कि घटना के दौरान रचना का मंगलसूत्र व कुण्डल और गले की चैन भी आरोपियों ने छीन ली।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से शिवानी पत्नी विकास सिंह की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि खेत में लगे पेड़ विवाद के चलते विपक्षीगण अर्जुन सिंह व रवि सिंह, जनकपाल सिंह और रामौतार सिंह सुबह के समय घर में घुस आये और उन्होंने लाठी डंडों से मारपीट करना शुरू कर दी जिससे इस घटना में उसके व विकास सिंह व सुभाष सिंह चोटिल हो गये और इसी दौरान बीच बचाव करने आये संजय सिंह को भी पीटा और गले की चैन खींचते हुए वाइक भी तोड़ दी। इस मामले में पुलिस जांच पडताल में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। उसके बाद ही आगे की कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
