बलियाः बोर्ड की बैठक में ईओ अनुपस्थित, सीडीओ ने स्पष्टीकरण मांगा: प्रकरण में शिथिलता न बरतने के दिए गए निर्देश
March 08, 2025
बलिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी एवं प्रभारी नगर निकाय ने अधिशासी अधिकारी को अपना स्पष्टीकरण दो दिन के अंदर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बलिया द्वारा नगर पालिका परिषद बलिया की पूर्व निर्धारित बोर्ड की बैठक सम्पन्न नहीं होने के कारण जिलाधिकारी को पत्र प्रेषित किया गया था। जिसमें वर्णित है कि नगर पालिका परिषद के सभासदगणों द्वारा नगर की जनसमस्याओं पर चर्चा के दृष्टिगत बोर्ड की बैठक कराने के लिए 10 फरवरी 2025 को अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बलिया को संबोधित एवं उसकी प्रतिलिपि जिलाधिकारी को प्रेषित की गई थी।
जिस पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बलिया को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया। इस निर्देश के क्रम में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बलिया द्वारा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बलिया को उचित निर्णय लेने के लिए पत्र अग्रसारित कर दिया गया। इसी क्रम में अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक सात मार्च 2025 को पूर्वाह्न 11 बजे से आहूत करने के लिए अधिशासी अधिकारी को अवगत कराया गया था, लेकिन अधिशासी अधिकारी द्वारा 07.03.2025 को निर्धारित बैठक में प्रतिभाग न करते हुए 07.03.2025 द्वारा अवगत कराया गया कि अधिशासी अधिकारी को बोर्ड की बैठक से अवगत नहीं किया गया है और न ही बैठक से संबंधित एजेंडा की कापी उपलब्ध कराई गई है।
बैठक में अधिशासी अधिकारी द्वारा प्रतिभाग न करने के कारण उपस्थित सभासदों द्वारा लगभग दो घंटे तक हंगामा किया गया एवं अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बलिया को अपमानित किया गया। इस प्रकरण के संबंध में अध्यक्ष नगर पालिका परिषद बलिया द्वारा पत्र के माध्यम से कार्रवाई करने के लिए अनुरोध किया गया है।
जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी व प्रभारी नगर निकाय त्रिभुवन ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बलिया को प्रकरण के संबंध में अपना स्पष्टीकरण दो दिवस के अंदर उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि यह प्रकरण अत्यन्त गंभीर है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
.jpg)