हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी, परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की उठाई मांग।
सोनभद्र, 03 नवंबर। कानपुर (कालपी) में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार एडवोकेट की 01 नवंबर 2026 को हुई निर्मम हत्या के विरोध में मंगलवार को सोनभद्र बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक प्रसाद श्रीवास्तव एडवोकेट की अध्यक्षता एवं महामंत्री योगेश कुमार द्विवेदी एडवोकेट के संचालन में अधिवक्ताओं ने बार परिसर का चक्रमण करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर घटना के प्रति गहरा आक्रोश जताया और हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में आए दिन अधिवक्ताओं के साथ इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। ऐसी घटनाओं से अधिवक्ता समाज में भय और आक्रोश का माहौल है। उत्तर प्रदेश पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता से अधिवक्ता समुदाय काफी मर्माहत है। अधिवक्ताओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग होने के बावजूद अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन के बाद अधिवक्ता हितों की सुरक्षा एवं दिवंगत अधिवक्ता गयादीन अहिरवार को न्याय दिलाने के लिए महामहिम राष्ट्रपति एवं महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी सोनभद्र के माध्यम से सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि अधिवक्ता गयादीन अहिरवार एडवोकेट के हत्यारों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। मृतक अधिवक्ता के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा परिवार के एक सदस्य को तत्काल सरकारी नौकरी दी जाए। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के साथ लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कठोर कानून एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में गोविन्द प्रसाद मिश्र, राकेश शरण मिश्र, ओम प्रकाश त्रिपाठी, रमेश प्रसाद चौबे, आनंद मिश्र, राजीव सिंह गौतम, अखिलेश पाण्डेय, विनोद शुक्ला, प्रभात मिश्र, अरुण सिंघल, पवन मिश्रा, मनोज मिश्रा, आशुतोष दुबे, बंसी पाण्डेय, गीता गौर, अभिषेक श्रीवास्तव, अंकित सिंह, भानु चौहान, सुजीत, धीरज एवं राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
