Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: सोनभद्र की 684 आदिवासी छात्राओं को मिलेगी यूनिफॉर्म और साइकिल की सुविधा

डीएम चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक, पारदर्शिता के साथ पात्र छात्राओं के चयन के निर्देश

सोनभद्र। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुसूचित जनजाति की छात्राओं को यूनिफॉर्म एवं साइकिल योजना का लाभ देने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय चयन समिति एवं क्रय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत पात्र छात्राओं के चयन, प्राप्त आवेदनों के सत्यापन और लाभ वितरण की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की योजना के तहत प्रत्येक पात्र छात्रा को कुल चार हजार रुपये की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसमें यूनिफॉर्म के लिए 700 रुपये प्रति छात्रा की धनराशि सीधे छात्रा अथवा उसके अभिभावक के बैंक खाते में भेजी जाएगी, जबकि 3,300 रुपये की लागत से साइकिल जेम पोर्टल के माध्यम से निविदा प्रक्रिया अपनाकर खरीदी जाएगी।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत कक्षा छह की 60 प्रतिशत तथा कक्षा नौ और 11 की 20-20 प्रतिशत छात्राओं का चयन किया जाना है। पात्रता के लिए पिछली कक्षा में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। ग्रामीण क्षेत्र में निवास करने वाली छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही अनावासीय छात्राओं को प्रत्येक पांच वर्ष के अंतराल पर एक लेडीज साइकिल उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

अधिकारियों द्वारा जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक अभिलेखों एवं बैंक खातों का सत्यापन करने के बाद कुल 1,635 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें कक्षा छह से 410, कक्षा नौ से 764 तथा कक्षा 11 से 461 छात्राओं के आवेदन शामिल हैं। शासनादेश में निर्धारित चयन अनुपात के अनुसार कक्षा छह की 410 छात्राओं के सापेक्ष कक्षा नौ की 137 और कक्षा 11 की 137 छात्राओं को शामिल करते हुए कुल 684 छात्राओं का चयन प्रस्तावित किया गया है।

चयनित छात्राओं की सूची को जनपद स्तरीय चयन समिति से अनुमोदन मिलने के बाद आवश्यक धनराशि के आवंटन के लिए निदेशालय को मांग पत्र भेजा जाएगा। धनराशि प्राप्त होने के बाद जेम पोर्टल के माध्यम से साइकिल खरीदने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं के चयन में पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बरती जाए। सभी अभिलेखों और पात्रता संबंधी विवरणों का गंभीरता से सत्यापन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने योजना से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |