संगोष्ठी में सामाजिक न्याय, समानता और महिला अधिकारों पर हुई चर्चा
सोनभद्र। समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय सोनभद्र पर शनिवार, 28 नवंबर 2026 को महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिराव गोविंद राव फुले की पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन कर उनके सामाजिक योगदान, विचारों और संघर्षों को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले भारतीय समाज के प्रख्यात समाज सुधारक एवं लेखक थे। उन्होंने समाज में नवजागरण लाने का काम किया और क्रांति सूर्य के रूप में सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष किया। फुले जी ने हमेशा गरीबों, वंचितों और आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी तथा उन्हें उनका हक दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किया।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सदियों से पीड़ित और वंचित समाज के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर वर्ग के गरीबों को सम्मान दिया जाएगा और उनके विकास के लिए काम किया जाएगा।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष गीता गौर एडवोकेट ने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने महिलाओं को सम्मान दिलाने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया। इस दौरान गीता गौर एडवोकेट ने उपस्थित महिलाओं का माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में अनिल प्रधान, मन्नू पांडे, राधा सिंह, किरण कुशवाहा, आनंद पटेल, रीना राय, हिदायत उल्ला खान, सत्यम पांडे, अतुल दुबे, विवेक सिंह पटेल, शिव कुमारी, अभय यादव, मोहम्मद कलाम, चिंता, शिताबी, सुशीला, पुष्पा, सद्गुरु, निशा और शबाना सहित दर्जनों लोगों ने संगोष्ठी को संबोधित किया तथा महात्मा ज्योतिराव फुले को नमन किया।
