Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: मुख्यमंत्री तक पहुंचा सोनभद्र की महिलाओं का हुनर, ‘सोनअर्थ’ उत्पादों को मिली नई पहचान।

राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेंट किए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पाद, 4,700 से अधिक महिलाएं जुड़ीं

सोनभद्र। जनपद की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के हुनर और मेहनत से तैयार उत्पादों की पहचान अब प्रदेश स्तर पर पहुंचने लगी है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने सोनभद्र की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे ‘सोनअर्थ’ ब्रांड के विभिन्न उत्पाद मुख्यमंत्री को भेंट किए और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री को भेंट किए गए उत्पादों में ज्वार, रागी, कोदो और गेहूं से तैयार चार प्रकार के ठेकुआ, जंगल के फूलों से एकत्रित प्राकृतिक जंगली शहद, कृषि उपज से तैयार हर्बल शहद, मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से निर्मित ‘शिव द्वार’ अगरबत्ती तथा बकरी के दूध, हर्बल, कॉफी और हल्दी-चंदन से बने चार प्रकार के साबुन शामिल रहे। ये उत्पाद सोनभद्र की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय परंपरा और महिलाओं के पारंपरिक कौशल को प्रदर्शित करते हैं।

जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) के सहयोग से ‘सोनअर्थ’ ब्रांड को विकसित करने के लिए लोगो निर्माण, आकर्षक पैकेजिंग, प्रचार-प्रसार सामग्री और उत्पादों की गुणवत्ता जांच जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को ब्रांड के रूप में पहचान दिलाने के साथ उनके लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और महिलाओं की आय में वृद्धि करना है।

इस पहल से जुड़ी विभिन्न आजीविका गतिविधियों में 4,700 से अधिक महिलाएं भागीदारी कर रही हैं। इनमें एक हजार से अधिक महिलाएं साबुन निर्माण, 200 से अधिक अगरबत्ती निर्माण, दो हजार से अधिक श्रीअन्न की खेती, 500 से अधिक ठेकुआ निर्माण तथा एक हजार से अधिक महिलाएं शहद उत्पादन एवं संग्रहण से जुड़ी हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं के साथ स्थानीय किसानों और जनजातीय समुदायों को भी आजीविका के अवसर मिल रहे हैं।

इस अवसर पर राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि ‘सोनअर्थ’ केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि सोनभद्र की मातृशक्ति के हुनर, परिश्रम, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों को नई पहचान और व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सोनभद्र की महिलाओं के हुनर को सशक्त मंच मिलने से स्थानीय उत्पादों को प्रदेश और देश स्तर पर पहचान मिलेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |