डीएवी स्कूल में गोष्ठी आयोजित कर छात्र-छात्राओं और स्कूल वाहन चालकों को किया जागरूक, दिलाई गई यातायात नियमों के पालन की शपथ
छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देतीं एआरटीओ प्रवर्तन सुधा सिंह।
सोनभद्र। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत गुरुवार को डीएवी स्कूल राबर्ट्सगंज में परिवहन विभाग की ओर से जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कौशल कुमार सिंह और एआरटीओ (प्रवर्तन) सुधा सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन सुधा सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी से न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
गोष्ठी में विद्यालय के बस और टैक्सी चालकों तथा परिचालकों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें वाहनों में सीट बेल्ट, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, इमरजेंसी गेट, प्राथमिक उपचार बॉक्स और अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता एवं उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। एआरटीओ प्रवर्तन ने चालकों को निर्देश दिया कि वाहन चलाते समय गुटखा अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन न करें। लापरवाही और यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर शिक्षक हरिकेश यादव, रागिनी मिश्रा, प्रदीप शुक्ला, अश्वनी सिंह, मनोज कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
