पेंटिंग के बाद भी उभर रहे गड्ढे, हाथ से उखड़ रही सड़क की परत; ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग
बीड़र (दुद्धी, सोनभद्र)। करीब दस वर्षों के लंबे इंतजार के बाद एनएच-39 से बीड़र गांव को जोड़ने वाली लिंक सड़क का नवीनीकरण कराया गया, लेकिन सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर अब ग्रामीणों ने सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी सड़क की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क पर पेंटिंग किए जाने के बावजूद जगह-जगह गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। वहीं, सड़क की ऊपरी परत हाथ से उखड़ने की बात भी सामने आ रही है। इससे निर्माण कार्य में इस्तेमाल की गई सामग्री और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर संदेह जताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि उक्त सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निर्माण खंड रॉबर्ट्सगंज की ओर से कराया जा रहा है। लंबे समय से सड़क निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों को उम्मीद थी कि नई सड़क से आवागमन की समस्या दूर होगी, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, मोटाई और गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका सवाल है कि जब जनता के पैसे से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है तो कार्य मानक के अनुरूप और टिकाऊ क्यों नहीं होना चाहिए?
अब देखना यह है कि पीडब्ल्यूडी विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर जांच कराते हैं या नहीं।
वही निर्माण खण्ड अधिकारी से जब बात हुई उनके नम्बर पर तो उन्होंने कहा कि अरे कैसी गुणवत्ता चाहिए कुछ लोग हैं वहां पैसे के लिए यह सब विरोध करते हैं।आप लोग भी पता नही कहा से नम्बर पा जाते हैं कि फोन कर देते है।
