अमेठीः 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं पर विशेष जोर! राशन की दुकानों पर बीएलओ व कोटेदार नए मतदाताओं का करेगे पंजीकरण
November 12, 2026
गौरीगंज/अमेठी। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत नए मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए खाद्य एवं रसद विभाग की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों को भी जागरूकता अभियान से जोड़ने की पहल की गई है। खासतौर पर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और नए पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी शशिकांत ने बताया कि निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार, राशन की दुकानों पर उपलब्ध पात्र लाभार्थियों की सूची के माध्यम से ऐसे युवाओं और नए सदस्यों की पहचान की जाएगी, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उन्होने कहा कि बीएलओ व कोटेदार संयुक्त रूप से सभी 18 वर्ष पूर्ण हो चुके युवाओ को मतदाता सूची मे नाम दर्ज करवाएगे। उन्होने कहा अभियान के तहत पात्र महिला एवं युवा लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया है। इसके लिए राशन विक्रेताओं के माध्यम से लोगों को मतदाता बनने की प्रक्रिया की जानकारी देने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की व्यवस्था प्रस्तावित है। गौरीगंज पूर्ति निरीक्षक शुषमा सिंह ने कहा पात्र नागरिक इस अवधि में मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, संशोधन कराने अथवा संबंधित आपत्ति दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपना सकते हैं।इस अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और मतदाता सूची में नए युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
