Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: सरकारी अस्पताल MCH विंग में गूंजी किलकारी, IAS जागृति अवस्थी ने दिया बेटे को जन्म डीएम ने दी बधाई।

UPSC 2020 की ऑल इंडिया सेकेंड टॉपर ने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर जताया भरोसा, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अस्पताल पहुंचकर दी बधाई

सोनभद्र। सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अक्सर सवाल उठते रहते हैं, लेकिन सोनभद्र की मुख्य विकास अधिकारी (CDO) एवं IAS अधिकारी जागृति अवस्थी ने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए एक सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (MCH विंग) में बेटे को जन्म दिया। उनके घर में नन्हे मेहमान के आगमन से परिवार और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।

इस सुखद अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ अपनी पत्नी एवं IFS अधिकारी आरुषि मिश्रा के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने CDO जागृति अवस्थी और उनके परिवार को बधाई दी तथा नवजात शिशु को आशीर्वाद देते हुए सुखमय एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

गौरतलब है कि जागृति अवस्थी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा-2020 में अखिल भारतीय स्तर पर दूसरी रैंक हासिल कर देशभर में सोनभद्र का नाम रोशन किया था। इंजीनियरिंग की नौकरी छोड़कर सिविल सेवा में आने का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। पहले प्रयास में सफलता नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दूसरे प्रयास में देश की दूसरी टॉपर बनीं।

सोनभद्र में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर रहते हुए जागृति अवस्थी अपनी कार्यशैली और जमीनी निरीक्षणों को लेकर भी चर्चा में रही हैं। विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए उन्होंने दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया और ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया है।

उनका जिला अस्पताल के MCH विंग में प्रसव कराना सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भरोसे का सकारात्मक संदेश देने वाला प्रसंग बन गया है। इस घटना से जिला अस्पताल की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं भी चर्चा में आ गई हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |