मौसम में बदलाव से खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी, चिकित्सक ने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की दी सलाह।
सोनभद्र। बाल दिवस के अवसर पर केयर हॉस्पिटल बाल चिकित्सालय की ओर से बच्चों के लिए निःशुल्क ओपीडी का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक कुल 70 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, शाम को भी ओपीडी का संचालन किया जाएगा। इसके लिए शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक मरीजों को देखने की व्यवस्था की गई है।
इस दौरान अस्पताल में बच्चों को लेकर पहुंचे अभिभावकों ने चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लिया। अस्पताल में ज्यादातर बच्चे खांसी, जुकाम और बुखार जैसी मौसमी बीमारियों से पीड़ित होकर पहुंचे।
इस संबंध में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जेएस गुप्ता (एमबीबीएस, एमडी) ने बताया कि इन दिनों मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। सुबह धूप निकलने से गर्मी का एहसास होता है, जबकि शाम होते ही ठंड बढ़ने लगती है। तापमान में इस तरह के बदलाव का असर खासकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। यही वजह है कि इन दिनों खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या अधिक देखने को मिल रही है।
उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि मौसम के बदलाव को देखते हुए बच्चों के खानपान और रहन-सहन पर विशेष ध्यान दें। सुबह और शाम के समय बच्चों को ठंड से बचाकर रखें तथा उनके कपड़ों का विशेष ख्याल रखें। बच्चों में सर्दी, खांसी या बुखार के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय से चिकित्सकीय परामर्श लें।
वहीं, हॉस्पिटल मैनेजर ओपी गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। ऐसे मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन की ओर से रुकने की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाती है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इस निःशुल्क ओपीडी के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि निर्धारित समय के अनुसार शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक भी मरीजों को निःशुल्क ओपीडी की सुविधा दी जाएगी।
