परिजनपट्टी तिराहे पर बोलेरो ने युवक को मारी टक्कर, स्कूली बच्चों को लेकर जा रही थी गाड़ीय दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
लम्भुआ/सुल्तानपुर। शादी समारोह में शामिल होने ससुराल आए 32 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के परिजनपट्टी तिराहे पर खुदौली की तरफ से लम्भुआ जा रही बोलेरो ने सामने से आ रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे ग्रामीणों और ससुराल पक्ष के लोगों के सहयोग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नासिर अली पुत्र मौसम अली (32 वर्ष), निवासी ग्राम प्रतापगंज (भादे) थाना कोतवाली देहात, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नासिर अली अपनी पत्नी और बच्चों के साथ लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के खुदौली गांव स्थित अपने ससुराल में मान अली के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शादी की खुशियां 14 नवंबर को मनाई जानी थीं, लेकिन इससे पहले ही एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
परिजनों के मुताबिक, हादसे से कुछ समय पहले युवक ने अपनी पत्नी से किसी काम के लिए रुपये मांगे थे। फुटकर पैसे नहीं होने पर पत्नी ने उसे 100 रुपये की जगह 200 रुपये दे दिए। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो एक निजी विद्यालय के बच्चों को लेकर जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी सीएचसी लम्भुआ पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित शव विच्छेदन गृह भेज दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी सबीना और दो मासूम बेटियां रानी (5 वर्ष) तथा माहिरा (ढाई वर्ष) को छोड़ गया है। पति की मौत के बाद पत्नी सबीना का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, दो मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया उठने से पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर है।
एक हादसे ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार। शादी की खुशियां मनाने आए परिजनों को अब अपनों के बिछड़ने का गम जिंदगी भर सताता रहेगा।
